अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर जमीन विवाद को लेकर ग्रामीणों के निशाने पर हैं।
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर जमीन विवाद को लेकर ग्रामीणों के निशाने पर हैं। दरभंगा के तारडीह प्रखंड स्थित पोखरभिंडा पंचायत में सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, सामूहिक श्राद्धस्थल और निजी भूखंडों पर कथित कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने अब इस मामले को अंचल कार्यालय से आगे मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) तक पहुंचा दिया है। सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
मामला केवल जमीन की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस विवाद के कारण गांव के सार्वजनिक रास्ते, धार्मिक स्थल, पूर्वजों की समाधियां और खेतों तक पहुंचने का रास्ता प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जमीन की मापी और कथित अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
श्राद्धस्थल और सार्वजनिक सड़क पर निर्माण का आरोप
ग्रामीणों की शिकायत के मुताबिक, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के समीप स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर निर्माण कराया गया है। वहीं, शशिनाथ मिश्र चौक से वाटरवेज तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते के हिस्से पर भी कब्जे का आरोप लगाया गया है।
यह रास्ता मुख्य सड़क से जुड़ता है और ग्रामीणों के खेतों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर निर्माण होने से आवागमन बाधित हो गया है। इसका सीधा असर खेती-बारी और ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही पर पड़ रहा है।
निजी जमीन पर बाउंड्री, रास्ता बंद करने की शिकायत
गांव के भगवान मिश्र ने आरोप लगाया है कि उनकी करीब तीन कट्ठा जमीन में से 14 धूर हिस्से पर जबरन कब्जा कर बाउंड्रीवाल बना दी गई है। इससे उनके बाग-बगीचे तक जाने का रास्ता भी बंद हो गया है।
इसी तरह रामउदार मिश्र ने अपनी 15 धूर जमीन को लेकर शिकायत की है। उनका आरोप है कि जमीन के बदले दूसरी जमीन देने की बात हुई थी, लेकिन न तो जमीन की अदला-बदली की गई और न ही तय कीमत का भुगतान किया गया।
तालाब का नाला भरने और समाधियों को नुकसान की आशंका
ग्रामीणों ने तालाब से निकलने वाले नाले को मिट्टी से भरने और वहां रखवाली करने वाले व्यक्ति के लिए मकान बनाए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, नाले की जमीन के शेष हिस्से पर सड़क बना दी गई है।
रामदाय देवी ने अपनी जमीन के पास मिट्टी कटाई किए जाने से नुकसान की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मिट्टी हटाए जाने से उनकी जमीन का करीब दो से तीन गज हिस्सा कटकर गिरने की स्थिति में है। वहां एक पेड़ और सरकारी ट्रांसफार्मर भी मौजूद है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि आसपास की कुछ अन्य जमीनों के पास मिट्टी कटाई की गई है, जहां उनके पूर्वजों की समाधियां बनी हुई हैं। उनका कहना है कि जमीन खरीदने के बाद संबंधित लोगों के आने-जाने के रास्ते भी प्रभावित हुए हैं।
CO ने दिए जांच के आदेश, जनता दरबार में होगी सुनवाई
मामले में प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। दोनों पक्षों को जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। दोनों पक्षों की बात सुनने और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोखरभिंडा के सरपंच हरेराम चौपाल ने मोबाइल पर बताया कि इस मामले में अब तक ग्राम कचहरी में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि, लोक संवाद के दौरान ग्रामीणों ने इस विवाद को उठाया था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जमीन बेच चुके हैं, जबकि कुछ लोग जमीन बेचने के पक्ष में नहीं हैं। वास्तविक स्थिति विशेष जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
रमेश ठाकुर बोले- उन्हीं लोगों से खरीदी है जमीन
दूसरी ओर, आरोपों पर विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने अपना पक्ष रखते हुए मोबाइल पर कहा, ‘थोड़ा इंतजार कीजिए, पटना से बाहर हूं। उन्हीं लोगों से जमीन ली गई है। सीओ जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने दीजिए।
फिलहाल इस पूरे विवाद में सबसे अहम सवाल जमीन की वास्तविक प्रकृति, उसकी सीमांकन रिपोर्ट और सार्वजनिक रास्ते तथा श्राद्धस्थल की जमीन की स्थिति को लेकर है। अब सबकी नजर अंचल प्रशासन की जांच पर टिकी है। जांच में ही स्पष्ट होगा कि कहां वैध जमीन की खरीद-बिक्री हुई है और कहां सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत सही है।
