न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्र / गोपालगंज – गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 25 मई को एक गांव में युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवक कथित तौर पर घर की चारदीवारी फांदकर अंदर घुस गए और युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता और उसके परिवार में दहशत का माहौल है।
हाईलाइट्स –
- गोपालगंज के बैकुंठपुर में युवती से कथित गैंगरेप
- घर में अकेली थी पीड़िता, दीवार फांदकर घुसे आरोपी
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
- एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य, मेडिकल जांच जारी
- गांव में दहशत, ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस हरकत में आई और छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैन मोहम्मद और सरफराज अली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि आरोपियों का भी मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य, गांव में दहशत
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-2 राजेश कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। एसडीपीओ-2 ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – बंगाल जीत पर बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन, सीएम सम्राट आज कार्यकर्ताओं संग करेंगे जश्न भोज
