न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा / पटना: लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) हरेन्द्र कुमार के पटना, बांका और वैशाली के चार ठिकानों पर निगरानी विभाग ने रेड की है। हरेंद्र कुमार अभी बांका में पोस्टेड हैं और उन्हें उनके सरकारी आवास से हिरासत में लिया गया है।
जानकारी मिली है कि पटना में उनके 2 ठिकानों पर जांच एजेंसी ने छापा मारा है। पटना आवास से कैश और भारी मात्रा में गहने मिले हैं। रेड में महंगी घड़ियां भी बरामद हुई हैं। साथ ही हरेन्द्र कुमार के बांका स्थित सरकारी आवास और दफ्तर में भी विभागीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
हरेन्द्र कुमार को जांच एजेंसी ने उनके आवास से हिरासत में लिया है। टीम हिरासत में लेकर उन्हें जिला स्थित दफ्तर ले गई। 2 घंटे से वहां रेड चल रही है। SVU की टीम ने हरेन्द्र कुमार के वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवाड़ा गांव में उनके पैतृक आवास पर रेड की। 2 गाड़ियों से टीम सुबह 9 बजे उनके घर पहुंची। छापेमारी के दौरान पातेपुर थाना अध्यक्ष समेत स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
निगरानी ने लघु जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हरेन्द्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। ऐसे मामलों में जांच एजेंसी अधिकारी की वैध आय, खर्च और अर्जित संपत्तियों के बीच अंतर की जांच की जाती है। इसके लिए बैंक खातों, जमीन-मकान से जुड़े दस्तावेज, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जाती है।
