Voice of Eastern India

गया में पैदल जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने रौंदा, सड़क जाम कर परिजनों का हंगामा


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी :
शेरघाटी थाना क्षेत्र के राजा बीघा के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल जा रहे एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिताव पंचायत के निम्हारा टोला निवासी राम प्रवेश यादव उर्फ पवन यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक शेरघाटी-चेरकी भाया गया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

बताया जाता है कि राम प्रवेश यादव रोज की तरह अपने कार्यस्थल की निगरानी के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा अज्ञात वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के बाद राम प्रवेश यादव कुछ समय तक जीवित थे। उनकी हालत गंभीर देखते हुए परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए गया ले जाने की तैयारी में जुट गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना से कुछ पहले वाहन काफी तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे राम प्रवेश यादव को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस से दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

दो घंटे तक सड़क पर रहा जाम

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के स्वजन को उचित सहायता और दुर्घटना में शामिल वाहन व चालक की पहचान की मांग को लेकर शेरघाटी-चेरकी भाया गया मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम रखा। जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जाम की सूचना मिलने पर शेरघाटी अंचल अधिकारी सुश्री उषा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर नेयाज अहमद और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के स्वजन से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना की पुलिस और डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। वाहन के नंबर और चालक की पहचान करने के लिए पुलिस विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में शामिल वाहन को जल्द बरामद करने और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.