न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राज कुमार विश्वकर्मा / नालंदा: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की टीम ने शुक्रवार को बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं स्थित पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के पैतृक आवास पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि संजय कुमार वर्तमान में खड़िया में पदस्थापित हैं।
जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की टीम संजय कुमार से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इस दौरान टीम उनके ठिकानों से दस्तावेज, संपत्ति से संबंधित कागजात और अन्य सामानों की जांच कर रही है। संजय कुमार के भाई के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की टीम न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के साथ उनके पैतृक आवास पर पहुंची।
छापेमारी के दौरान सोहसराय थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही संजय कुमार की संपत्ति और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
