Voice of Eastern India

घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कृषि मंत्री, कहा- मृतकों के परिजनों को मिलेगा 4-4 लाख मुआवजा


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सरफराज आलम / लखीसराय:
बिहार के लखीसराय जिले के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर परिसर में सोमवार को सावन की भीड़ के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हादसे में सात महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर से लेकर अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बताया जा रहा है कि सावन के सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोकधाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ गया और अचानक भगदड़ मच गई। कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े, जिससे बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में बिजली का पोल गिरने और करंट की अफवाह की बात भी सामने आई है। इसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई।

बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और वह घायलों का हाल जानने लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि अशोकधाम में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

मंत्री ने बिहार सरकार की ओर से घोषणा की कि हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के आश्रित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर रख रही है।

अशोकधाम हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना के बाद धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.