Voice of Eastern India

सुपौल में वाहन की टक्कर से चचेरे भाइयों की मौत, घर से बाजार जाने के दौरान हादसा


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: सुपौल सदर थाना क्षेत्र के बीना पंचायत स्थित धरनीपट्टी वार्ड नंबर 14 निवासी दो चचेरे भाइयों की सोमवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा लौढ़ पंचायत के सरही मालिकाना स्थित स्कूल के समीप हुआ। दोनों युवक बाइक से किसी जरूरी काम से सुपौल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान धरनीपट्टी वार्ड नंबर 14 निवासी कुंदन कुमार (20), पिता स्वर्गीय उपेंद्र यादव और अखिलेश कुमार (24), पिता राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।

हादसा इतना भीषण था कि अखिलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कुंदन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही धरनीपट्टी गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक के साथ आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दो चचेरे भाइयों की असमय मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.