Voice of Eastern India

47 प्लॉट, करोड़ों के हीरे और सूटकेस भरा कैश, पटना में टेंडर माफिया ऋषु श्री के सिंडिकेट का ऐसे हुआ भंडाफोड़


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अस्मित,पटना) बिहार में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के सिंडिकेट पर विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। सरकारी विभागों में अपना रसूख चलाकर करोड़ों के टेंडर हथियाने वाले महाभ्रष्टाचारी ऋषु श्री को SVU की टीम ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आज (28 मई 2026) आरोपी को माननीय निगरानी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे पटना के बेउर जेल भेज दिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के ठिकाने से जो दौलत मिली है, उसे देखकर खुद अधिकारी भी दंग रह गए हैं।

अहमदबाद की कंपनी को दिलाया टेंडर, फिर अपने ही कर्मचारी को सौंप दिया काम

मामले की जांच (अनुसंधान) में यह चौंकाने वाला सच सामने आया है कि आरोपी ऋषु श्री ने जल संसाधन विभाग (Water Resources Department) में अपने रसूख और गलत प्रभाव का इस्तेमाल किया। उसने मोटे कमीशन के बदले अहमदाबाद की ‘मैसर्स चेवरॉक्स कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड’ को सरकारी टेंडर दिलवाया। इसके बाद शातिर अंदाज में उस टेंडर के काम को अपनी ही कंपनी के कर्मचारी संतोष कुमार को ट्रांसफर कर दिया, जो ‘M/S मातृस्वा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड’ के डायरेक्टर हैं।

कई विभागों में फैला था रिश्वत का जाल, अफसरों को घूस देकर झटकता था टेंडर

विजिलेंस की जांच में यह साफ हो गया है कि ऋषु श्री एक बेहद रसूखदार और रंगे हाथ खेलने वाला खिलाड़ी है। वह जल संसाधन विभाग, भवन निर्माण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और BMSICL जैसे बड़े सरकारी महकमों के अधिकारियों और कर्मचारियों को मोटी घूस (रिश्वत) देता था। सरकारी बाबुओं को जेब में रखकर वह अपनी कंपनियों के पक्ष में करोड़ों रुपये के टेंडर आसानी से पास करवा लेता था।

सबूत मिटाने और रिकॉर्ड्स लेकर विदेश भागने की फिराक में था आरोपी

अनुसंधान के दौरान विजिलेंस के सूत्रों को बेहद गोपनीय और पक्की जानकारी मिली थी कि ऋषु श्री पर जैसे ही शिकंजा कसने लगा, वह मामले से जुड़े अहम रिकॉर्ड्स और सबूतों को समेटकर देश छोड़कर विदेश भागने की फुलप्रूफ प्लानिंग कर रहा था। वह इतना प्रभावशाली है कि बाहर रहने पर केस से जुड़े गवाहों को डराने-धमकाने और दस्तावेजों के साथ बड़ी छेड़छाड़ करने की पूरी ताकत रखता था, जिसे देखते हुए उसकी गिरफ्तारी बेहद जरूरी हो गई थी।

2.5 लाख कैश, करोड़ों के हीरे-सोने के जेवर और 47 प्लॉट के ओरिजिनल कागजात बरामद

कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद 27 मई 2026 को SVU की टीम ने ऋषु श्री (पिता- विनोद कुमार सिन्हा) के मीठापुर-खगौल रोड स्थित ‘कामता राम सखी इन्क्लेव’ के फ्लैट नंबर-5A में ताबड़तोड़ छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 2,50,000 रुपये नगद (कैश) और भारी मात्रा में सोने, चांदी व हीरे के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है। इसके अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थानों में निवेश के दस्तावेज, कई बैंक खाते और सबसे हैरान करने वाले 47 जमीन खरीदने के मूल (ओरिजिनल) कागजात भी जब्त किए गए हैं।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.