न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सरफराज आलम / लखीसराय: अशोकधाम मंदिर में हुए दर्दनाक हादसे के बाद ‘जन सुराज’ के सूत्रधार प्रशांत किशोर पीड़ितों का दर्द बांटने लखीसराय पहुंचे। अत्यंत हृदयविदारक हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात कर उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की और अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल जाना। घटना स्थल से लेकर अस्पताल तक व्याप्त कुव्यवस्था पर प्रशांत किशोर जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर जमकर बरसे।
प्रशासनिक नाकामी पर तीखा हमला
प्रशांत किशोर ने कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण अशोक धाम में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
मुआवजे की नीति पर सवाल
“हर बार हादसा होता है और सरकार मात्र 4 लाख का मुआवजा देकर अपनी पीठ थपथपा लेती है। क्या इंसान की जान की कीमत बस इतनी ही है?”
उच्च स्तरीय जांच की मांग
उन्होंने घटना की पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की बात कही।
सदर अस्पताल की अव्यवस्था पर नाराजगी
लखीसराय सदर अस्पताल और पूरे स्वास्थ्य तंत्र की बदहाली को देखकर उन्होंने कहा कि “बिहार में पूरा सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है।”
“सम्राट सरकार को यह सोचना चाहिए कि हर साल ऐसी घटनाएं क्यों दोहराई जाती हैं? मुआवजा देना समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को अपनी जवाबदेही तय करनी होगी, क्योंकि लापरवाही से गई जानों का हिसाब देना ही पड़ेगा।”
अस्पतालों में पहुंचे PK,जाना घायलों का हाल
प्रशांत किशोर ने लखीसराय के विभिन्न निजी अस्पतालों और सदर अस्पताल का दौरा कर भर्ती घायलों का हाल-चाल लिया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं के बेहतर इलाज के लिए उन्होंने डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों से बात की।
पीड़ित परिवारों से मिलते हुए उन्होंने ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन घड़ी में वे और उनका पूरा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
