न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: पटना में विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक वारदातों पर तुरंत एक्शन के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा खाका तैयार किया है। सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने शहर के प्रमुख थाना क्षेत्रों में 25 नए टाउन आउट पोस्ट (टीओपी) खोलने का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेजा है। मुख्यालय से हरी झंडी मिलते ही इन सभी संवेदनशील और प्रमुख प्वाइंट्स पर पुलिस अधिकारियों व जवानों की नियमित तैनाती कर गश्त और त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम को जमीन पर उतारा जाएगा।
इन सभी 25 टीओपी के चौबीसों घंटे संचालन और प्रभावी गश्त के लिए 68 पुलिस अधिकारियों (एसआई और एएसआई) की तैनाती का प्रस्ताव है। साथ ही 128 से अधिक सशस्त्र जवान और सिपाही भी तैनात रहेंगे। टीओपी शुरू होने से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम घटेगा और स्थानीय स्तर पर ही विवादों व अपराध पर तुरंत काबू पाया जा सकेगा।
शहर के भीड़भाड़ और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों को कवर करने के लिए थानों के अनुसार नए टीओपी प्रस्तावित किए गए हैं।
- कदमकुआं : बाकरगंज, दिनकर गोलंबर और राजेंद्र नगर।
- पीरबहोर व गांधी मैदान : गोविंद मित्रा रोड और सालिमपुर अहरा।
- शास्त्रीनगर व एसकेपुरी : शिवपुरी, एजी कॉलोनी और एएन कॉलेज।
- कोतवाली व बुद्धा कॉलोनी : कमला नेहरू नगर, श्रीकृष्णानगर और चीना कोठी।
- दीघा : जेपी सेतु, अटल पथ (नीचे) और रूपसपुर नहर।
- पाटलिपुत्र व राजीवनगर : इंद्रपुरी और मजिस्ट्रेट कॉलोनी।
- गर्दनीबाग : पुलिस कॉलोनी, माणिकचंद तालाब, चितकोहरा और सरिस्ताबाद।
- हवाई अड्डा व सचिवालय : एयरपोर्ट, आर ब्लॉक (पुल के नीचे), आर ब्लॉक (ओवरब्रिज), पटेल गोलंबर और हार्डिंग रोड।
.
