न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
विकाश कुमार/पंडारक: बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर सूचना मिली थी कि बमपुर गांव के पास संजय यादव अपने तीन-चार साथियों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से हथियारों के साथ जुटा है।
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से संजय यादव, सिंटू कुमार उर्फ रवि कुमार और अजय कुमार उर्फ चिकन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन देशी कट्टे, एक 7.65 एमएम पिस्टल, 7.65 एमएम की पांच जिंदा गोलियां और 8 एमएम की 25 जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक ग्लैमर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार संजय यादव का हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामलों में पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, सिंटू कुमार का भी आर्म्स एक्ट में आपराधिक इतिहास बताया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
