Voice of Eastern India

पावर हाउस में घुसा पानी, बिजली आपूर्ति ठप होने का खतरा


न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: लगातार हो रही बारिश और डैम का फाटक खुलने के कारण मोहनिया क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से पानी आसपास के रिहायशी इलाकों और गांवों में प्रवेश कर गया है।

बाढ़ के इस बढ़ते जलस्तर का असर बिजली व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। मोहनिया स्थित पावर हाउस परिसर में बाढ़ का पानी घुस जाने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा मंडरा रहा है। फिलहाल पंप सेट लगा कर पावर हाउस से पानी निकाला जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीण सोनू कुमार ने पावर हाउस की स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया, “नदी से बाढ़ का पानी सीधे पावर हाउस में आ गया है। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बिजली की आपूर्ति कभी भी पूरी तरह बंद हो सकती है। हालांकि, तीन पंपिंग मोटरों की मदद से पानी निकालने का काम लगातार जारी है, लेकिन तेज बहाव के कारण संकट बना हुआ है।”

वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि डैम से पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों और गांवों के घरों में पानी भर गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है।

एसडीएम ने बताया, “प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और सहायता पहुंचाने के लिए SDRF (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया है, जो जल्द ही मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लेगी। इसके अलावा, पावर हाउस से पानी निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं। जब तक जलस्तर नीचे नहीं आता, तब तक बिजली आपूर्ति बहाल करना चुनौतीपूर्ण रहेगा। यदि डैम के फाटक बंद होते हैं, तभी जलस्तर में गिरावट आने की उम्मीद है।”



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.