Voice of Eastern India

टीचर्स डे पर कांग्रेस ने निकाली ‘कफन पदयात्रा’, भीख मांग कर अनोखा विरोध


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना:
शिक्षक दिवस के मौके पर शिक्षकों की मांगों को लेकर कांग्रेस सेवा दल ने शनिवार को राजधानी पटना में कफन पदयात्रा निकाली। गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति से शहीद स्मारक तक प्रस्तावित इस यात्रा को प्रशासन ने गांधी मैदान जेपी गोलंबर के पास ही रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर ही लेट गए और विरोध जताने लगे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का भी प्रयास किया। प्रदर्शनकारी हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगते नजर आए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शिक्षकों की आर्थिक और सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा है।

कांग्रेस की कफन पदयात्रा का मुख्य मुद्दा वित्त रहित शिक्षा नीति को समाप्त करना और कॉलेजों के समायोजन की मांग है। प्रदर्शन में अतिथि शिक्षक भी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लंबे समय से शिक्षक अपनी मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

पदयात्रा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, सेवा दल के चेयरमैन डॉ. संजय यादव समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। सुबह से ही जेपी गोलंबर के आसपास पुलिस की तैनाती कर दी गई थी।

गांधी मैदान से विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। इधर प्रदर्शन के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है। 

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर 5 सितंबर तक शिक्षकों की मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 6 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। यह धरना गर्दनीबाग में आयोजित किया जाएगा और मांगें पूरी होने तक जारी रखने की बात कही गई है।

कांग्रेस की ओर से इसके साथ ही राज्यभर में हस्ताक्षर अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.