Voice of Eastern India

तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट को लिखा पत्र, इन तीन दिवंगत नेताओं की प्रतिमा लगाने की रखी मांग


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना:
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव, डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह और रामविलास पासवान की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग की है। तेजस्वी ने कहा कि तीनों नेताओं ने अपने सामाजिक सरोकारों और सक्रिय राजनीतिक जीवन के जरिए बिहार की उल्लेखनीय सेवा की। इसके साथ ही उन्होंने तीनों नेताओं की जयंती अथवा पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मांग भी की है। 

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में तेजस्वी यादव ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह, स्वर्गीय शरद यादव और स्वर्गीय रामविलास पासवान बिहार की महान विभूतियां थीं। उन्होंने अपने सामाजिक सरोकारों और सक्रिय राजनीतिक जीवन के माध्यम से बिहार की उल्लेखनीय सेवा की। तेजस्वी ने कहा कि इन नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व से बिहारवासी हमेशा प्रेरणा लेते रहेंगे।

तेजस्वी यादव ने पत्र में लिखा कि स्वर्गीय रघुवंश प्रसाद सिंह ने निधन से कुछ दिन पहले बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अपनी कुछ मांगें पूरी करने की इच्छा व्यक्त की थी। हालांकि, छह वर्ष बीत जाने के बाद भी इन मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन लंबित मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में स्वर्गीय शरद यादव के राजनीतिक और सामाजिक योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शरद यादव लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में लंबे समय तक सक्रिय रहे और सामाजिक न्याय की राजनीति के माध्यम से वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, स्वर्गीय रामविलास पासवान को सामाजिक न्याय और समाजवाद का पक्षधर बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन दबे, कुचले और उपेक्षित वर्गों के सामाजिक उत्थान, संघर्ष, सुरक्षा और विकास के लिए समर्पित किया।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि शरद यादव, डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह और रामविलास पासवान की राज्य में आदमकद प्रतिमाएं स्थापित की जाएं। साथ ही उनकी जयंती अथवा पुण्यतिथि को राजकीय समारोह घोषित किया जाए, ताकि बिहार के इन तीनों नेताओं के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जा सके।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.