Voice of Eastern India

सहरसा में भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अभिजीत सिंह की गोली मारकर हत्या, बाबाजी चौक में सनसनी



सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के बंपर चौक स्थित बाबाजी चौक इलाके में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत कुमार सिंह (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
इंद्रदेव/सहरसा:
खबर बिहार के सहरसा से है, जहां सदर थाना क्षेत्र के बंपर चौक स्थित बाबाजी चौक इलाके में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत कुमार सिंह (22) की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अभिजीत कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय हर्षवर्धन सिंह, बरवारी निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिजीत के नाम पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज थे।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा ने बताया कि अभिजीत के माता-पिता की करीब सात-आठ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनका छोटा भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है, जबकि अभिजीत घर में अकेले रहते थे।

बताया गया कि शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर से कोई आवाज नहीं आने पर परिचित उन्हें देखने पहुंचे। इसी दौरान घटना का पता चला। शुरुआती तौर पर तकिए से मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, एफएसएल टीम की जांच के दौरान तकिया हटाने पर अभिजीत की कनपटी के पास गोली लगने की बात सामने आई।

घटना की सूचना पर डीएसपी पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति देखने से गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि अभिजीत रात में एक कार्यक्रम से लौटकर घर आए थे। इसके बाद उनकी गतिविधियों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। डीएसपी ने मामले का जल्द खुलासा किए जाने की बात कही है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.