Voice of Eastern India

गया पहुंचीं स्मिता ठाकरे, बालासाहेब और पूर्वजों की शांति के लिए किया पिंडदान; बोलीं- ‘गर्व से कहो हम हिंदू हैं’



मोक्षभूमि गया में शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की बहू स्मिता ठाकरे ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और तर्पण किया।

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
अभिषेक राज/गयाजी:
पितृपक्ष के पावन अवसर पर मोक्षभूमि गया में शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की बहू स्मिता ठाकरे ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और तर्पण किया। पूजा-अर्चना के दौरान वह भावुक नजर आईं और उनकी आंखें नम हो गईं।

स्मिता ठाकरे ने बताया कि उन्होंने अपने ससुर बालासाहेब ठाकरे, पिता मधुकर चित्रे और सास की आत्मा की शांति के लिए गया में पिंडदान किया है। उन्होंने कहा कि सीता माता की कथा से उन्हें प्रेरणा मिली कि महिलाएं भी अपने पितरों का तर्पण कर सकती हैं।

उन्होंने गया की पावन धरती, स्थानीय प्रशासन, पंडा समाज और लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और बिहार के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंध बेहद मजबूत हैं।

राजनीति से जुड़े सवाल पर स्मिता ठाकरे ने कहा कि वह सीधे राजनीति में नहीं रही हैं और समाजसेवा के माध्यम से लोगों के बीच काम करती हैं। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे हमेशा ईमानदारी से काम करने और समाज के हर वर्ग की सेवा करने की सीख देते थे।

हिंदुत्व पर उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे सनातन और हिंदुत्व को लेकर स्पष्ट विचार रखते थे। उन्होंने नई पीढ़ी से अपनी संस्कृति और सनातन परंपरा को समझने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सनातन और राष्ट्र सेवा से जुड़े विचारों की भी उन्होंने सराहना की।
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.