गोपालगंज में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज: गोपालगंज में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। कटेया थाना क्षेत्र के भागी पट्टी गांव में मंदिर के बगल स्थित बगीचे से 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका जताई है और प्रेमिका के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामला कटेया थाना क्षेत्र के भागी पट्टी गांव का है, जहां बुधवार सुबह घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर एक बगीचे में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव के रहने वाले राजा राम के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10 बजे आकाश के मोबाइल पर उसके कुछ दोस्तों का फोन आया था। फोन आने के बाद वह घर से निकला, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह बगीचे में उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आकाश के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। उन्होंने शरीर को ईंट से कुचलने और संवेदनशील हिस्सों पर भी चोट पहुंचाने का दावा किया है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को हत्या की संभावित वजह बताते हुए प्रेमिका के परिजनों पर हत्या कर शव बगीचे में फेंकने का आरोप लगाया है।
परिजनों का यह भी दावा है कि इससे पहले भी प्रेमिका पक्ष के लोगों ने आकाश के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। घटनास्थल की स्थिति को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कटेया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल, पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
