मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के लिए सड़क की खोदाई चलने के दौरान अचानक जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन फट गई।
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के लिए सड़क की खोदाई चलने के दौरान अचानक जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन फट गई। जिसके बाद पाइपलाइन से तेज गति से पीएनजी गैस निकलने लगी। देखते ही देखते गैस में आग भड़क उठी। आग की लपटें उठते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पूरे इलाके को खाली करा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही में नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से हुए भीषण विस्फोट में कोचिंग संचालक श्रीनिवास सिंह की मौत हो गई। वह सेमफोर्ड स्कूल में बच्चे की फीस जमा कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे की चपेट में आ गए। मृतक श्रीनिवास सिंह श्रीनगर कॉलोनी के मकान नंबर 1/5 के निवासी थे।
हादसे में चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें दो का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है, जबकि चार घायलों को गोबरसही स्थित आशा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीनिवास सिंह सेमफोर्ड स्कूल में बच्चे की फीस जमा कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। गोबरसही में नाला निर्माण के लिए सड़क की खोदाई चल रही थी। इसी दौरान मशीन से जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते गैस में आग भड़क उठी और जोरदार विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से श्रीनिवास की मौत हो गई।
गैस पाइपलाइन फटने से हुए विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में स्थित मकानों के शीशे चकनाचूर हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ मकान ध्वस्त हो गए। विस्फोट के कारण पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
गैस पाइपलाइन फटने के दौरान सड़क से गुजर रहे बाइक सवार दो लोग भी झुलस गए। वहीं, इसी रास्ते से गुजर रही एक थार गाड़ी भी विस्फोट की चपेट में आ गई। वैशाली जिले के नंबर वाली इस थार पर जेडीयू का झंडा लगा था। गाड़ी में सवार दो लोगों की जलने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया।
