Voice of Eastern India

पटना में इस दिन से ठप हो सकती है सफाई व्यवस्था, नगर निगम कर्मियों ने दी हड़ताल की धमकी 



राजधानी पटना में नगर निगम कर्मचारियों और सफाई मजदूरों के बीच वेतन और पेंशन भुगतान को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: राजधानी पटना में नगर निगम कर्मचारियों और सफाई मजदूरों के बीच वेतन और पेंशन भुगतान को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लंबित वेतन का भुगतान नहीं होने पर नगर निगम चतुर्थवर्गीय कर्मचारी महासंघ ने शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी है। महासंघ ने कहा है कि यदि 6 नवंबर तक कर्मचारियों के खाते में वेतन नहीं आया तो 7 नवंबर से सफाईकर्मी काम बंद कर देंगे।

महासंघ के अध्यक्ष नंद किशोर दास के अनुसार, 4 नवंबर तक नगर निगम के कई कर्मचारियों को वेतन और पेंशन का भुगतान नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। वहीं, निजी एजेंसियों के तहत काम करने वाले सफाईकर्मियों को सितंबर और अक्टूबर महीने का वेतन भी नहीं मिला है।

संघ का आरोप है कि अगस्त महीने में भी कई सफाई मजदूरों को पूरी मजदूरी देने के बजाय मनमाने तरीके से महज तीन से चार हजार रुपये का भुगतान किया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि एक तरफ अन्य ठेकेदारों को करोड़ों रुपये का भुगतान किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ सफाई मजदूर अपने मेहनताने के लिए महीनों से इंतजार कर रहे हैं।

दीपावली और छठ से पहले बढ़ी कर्मचारियों की परेशानी

वेतन नहीं मिलने के कारण सफाईकर्मियों और निगम कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का किराया, भोजन, बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसे जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है। कई कर्मचारी लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्ज लेकर परिवार का खर्च चलाने को मजबूर हैं। दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के बीच उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

6 नवंबर तक भुगतान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

महासंघ ने नगर निगम प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि 6 नवंबर तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो 7 नवंबर से सफाईकर्मी काम बंद कर देंगे। इसके साथ ही नगर आयुक्त के कार्यालय का घेराव कर बकाया वेतन और पेंशन भुगतान की मांग की जाएगी।

महासंघ ने निगम प्रशासन से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द लंबित वेतन और पेंशन जारी करने की मांग की है। संघ के नेताओं ने स्पष्ट किया है कि समय पर भुगतान नहीं होने पर आंदोलन होगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

नगर निगम कर्मचारियों की इस चेतावनी से दीपावली और छठ से पहले पटना की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। यदि हड़ताल होती है तो शहर में कचरा उठाव और साफ-सफाई का काम बाधित हो सकता है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.