Voice of Eastern India

सिकंदराबाद एक्सप्रेस से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त, बैग छोड़कर भागे तस्कर


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को अमलीजामा पहनाने के लिए मुस्तैद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार (30 मई) को स्टेशन पर चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12791 डाउन) से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। RPF की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्टेशन और ट्रेन में मौजूद तस्करों के बीच हड़कंप मच गया।

संदिग्ध बैगों ने खोला तस्करी का राज

जानकारी के अनुसार, बक्सर स्टेशन पर आरपीएफ की टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी। जैसे ही सिकंदराबाद एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, सुरक्षाकर्मी बोगियों की जांच करने अंदर दाखिल हुए। इसी दौरान एक कोच में तीन लावारिस बैगों पर जवानों की नजर पड़ी। आसपास के यात्रियों से पूछताछ करने पर जब किसी ने उन बैगों पर अपना हक नहीं जताया, तो संदेह के आधार पर उन्हें कब्जे में लेकर तलाशी ली गई।

रॉयल स्टैग और 8 PM समेत 55 बोतलें जब्त

तीनों बैगों को खोलने पर सुरक्षाकर्मी भी हैरान रह गए, क्योंकि उनके भीतर भारी मात्रा में महंगी अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।

  • बैगों से कुल 55 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।

  • इसमें 25 बोतल ‘8 पीएम व्हिस्की’, 24 बोतल ‘आफ्टर डार्क व्हिस्की’ और 6 बोतल ‘रॉयल स्टैग व्हिस्की’ शामिल हैं।

  • आरपीएफ ने बिना वक्त गंवाए मौके पर ही जब्ती सूची (पंचनामा) तैयार कर पूरी खेप को सीज कर दिया।

सख्ती देखकर भागे धंधेबाज, तलाश जारी

आशंका जताई जा रही है कि शराब माफिया इस खेप को बिहार के बाजारों में खपाने के इरादे से ला रहे थे। लेकिन स्टेशन पर आरपीएफ की कड़ी नाकेबंदी और जांच को देखकर तस्कर पकड़े जाने के डर से बैग छोड़कर रफूचक्कर हो गए। फिलहाल जीआरपी अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.