Voice of Eastern India

पटना पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, नीतीश कुमार और संजय झा से की मुलाकात



भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सोमवार, 9 नवंबर 2026 को पटना पहुंचे।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
साकेत कुमार/पटना:
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सोमवार, 9 नवंबर 2026 को पटना पहुंचे। पटना पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा से मुलाकात की। यह मुलाकात संजय झा के सरकारी आवास पर हुई। इसके बाद धर्मेंद्र प्रधान एनडीए के वरिष्ठ नेताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। उनके इस दौरे को लेकर बिहार के सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

धर्मेंद्र प्रधान के पटना पहुंचने पर संजय झा के आवास पर कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इस दौरान बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और एनडीए के अन्य नेता भी शामिल हुए।

इसके बाद धर्मेंद्र प्रधान एनडीए नेताओं के साथ नीतीश कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। गौरतलब है कि इससे पहले 7 नवंबर को दिल्ली में भी धर्मेंद्र प्रधान ने संजय झा से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने संजय झा को अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड सौंपते हुए समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था।

पटना पहुंचने पर धर्मेंद्र प्रधान ने बिहारवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देशवासी आनंद और उत्साह के साथ दीपावली मनाएं। बिहार में छठ महापर्व भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

उन्होंने छठी मइया से सभी की सुख-समृद्धि और रक्षा की कामना की। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने देश में शांति, सौहार्द और भाईचारा कायम रहने की भी कामना की।

धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर साल देश की सुरक्षा में तैनात जवानों और अर्धसैनिक बलों के बीच पहुंचते हैं। उनसे मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाते हैं। उन्होंने इसे जवानों के प्रति सम्मान और उनके मनोबल को मजबूत करने का प्रयास बताया।

इधर, पटना एयरपोर्ट पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रशांत किशोर के जेडीयू को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रशांत किशोर ने हाल ही में दावा किया था कि नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद जेडीयू टूटकर बिखर जाएगी।

इस बयान पर पलटवार करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा, “जो जेडीयू को तोड़ेगा, वह खुद ही टूट जाएगा।” उन्होंने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह थके हुए, हारे हुए और परेशान हैं।

रामकृपाल यादव ने दावा किया कि जेडीयू न कभी टूटी है और न कभी टूटेगी। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी पूरी तरह मजबूत है और उसे कोई तोड़ नहीं सकता।

धर्मेंद्र प्रधान के पटना दौरे, संजय झा और नीतीश कुमार से मुलाकात तथा रामकृपाल यादव के बयान के बाद बिहार की राजनीति में एनडीए और जेडीयू को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, प्रशांत किशोर के बयान पर एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया से सियासी बयानबाजी भी तेज होती नजर आ रही है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.