श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व का होगा भव्य आयोजन, CM सम्राट चौधरी ने की उच्चस्तरीय बैठक
पटना में 360वां प्रकाश पर्व 9-16 जनवरी तक
बिहार में 9 से 16 जनवरी 2027 तक प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। विशेष यातायात, टेंट सिटी, दीवान हॉल, ड्रोन शो, आतिशबाजी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम होंगे।
न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व 9 से 16 जनवरी 2027 तक भव्य रूप से मनाया जाएगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को 350वें प्रकाश पर्व की तर्ज पर ऐतिहासिक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इस वर्ष प्रकाश पर्व का थीम स्लोगन ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ रखा गया है. देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रेल, हवाई और बस सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी. बिहार सरकार केंद्र और अन्य राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा सुनिश्चित करेगी.
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 20 हजार लोगों की क्षमता वाली भव्य टेंट सिटी बनाई जाएगी. इसके अलावा लंगर, सुरक्षा, आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने इन व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं.
गंगा किनारे 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला विशाल दीवान हॉल भी बनाया जाएगा. 15 जनवरी को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन का भव्य शो आयोजित किया जाएगा. वहीं, 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के पास आतिशबाजी की जाएगी और सिख इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी. श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी तैयार किया गया है.
