Voice of Eastern India

बाराचट्टी में कंटेनर में छिपाकर ले जाई जा रही 1209.6 लीटर शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार



बाराचट्टी पुलिस ने जीटी रोड पर पीछा कर पिकअप वाहन पकड़ा। कंटेनर से ऑफिसर्स च्वाइस की 6720 बोतलें बरामद हुईं और दो आरोपी गिरफ्तार किए गए।

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत 
शेरघाटी/डेस्क:
शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में शेरघाटी अनुमंडल के बाराचट्टी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जीटी रोड के तेतरिया के समीप से एक पिकअप वाहन में लदी 1209.6 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. मौके से वाहन पर सवार दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है. शराब की यह खेप पिकअप के पीछे बने कंटेनर में छिपाकर ले जाई जा रही थी.

इस संबंध में रविवार को बाराचट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  शेरघाटी 2 राजन कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 22 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप का परिवहन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद बाराचट्टी थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम तेतरिया के पास जीटी रोड की दक्षिणी लेन पर संदिग्ध सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप (BR02GC6818) को रोकने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने वाहन का पीछा कर उसे अपने कब्जे में लिया. इसके बाद वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को पुलिस बल के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने जब पिकअप के पीछे बने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में ऑफिसर्स च्वाइस ओरिजिनल व्हिस्की बरामद हुई. बरामद शराब में 180 एमएल की कुल 6720 बोतलें शामिल हैं. इसकी कुल मात्रा 1209.6 लीटर आंकी गई है. शराब को अलग-अलग खेप के रूप में कंटेनर में रखा गया था. गिरफ्तार तस्करों की पहचान राहुल कुमार (23), पिता रामविलास यादव, निवासी पंडित बिगहा, थाना इमामगंज/शुनानी, जिला जहानाबाद तथा वाहन के उपचालक आदित्य कुमार (27), पिता उमाशंकर चौधरी, निवासी खैरा बाजार, थाना किंजर, जिला अरवल के रूप में की गई है.

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर शराब के परिवहन और उसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई गई है. शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. इस मामले में बाराचट्टी थाना कांड संख्या 430/2026, दिनांक 22 नवंबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें- दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का CM सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ, 346 करोड़ की 105 योजनाओं की दी सौगात

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.