दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का CM सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ, 346 करोड़ की 105 योजनाओं की दी सौगात
कक्षा 1 से 6 तक पढ़ाई जाएगी मैथिली
54वें मिथिला विभूति पर्व पर मुख्यमंत्री ने 346 करोड़ की 105 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। मैथिली शिक्षा, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और विद्यापति एयरपोर्ट को लेकर घोषणाएं कीं।
न्यूज़11 भारत
दरभंगा/डेस्क: मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और मैथिली भाषा के विकास को लेकर दरभंगा में आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया. इस मौके पर मिथिला की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री को पाग, चादर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया. समारोह के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 346 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली 105 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया.
वहीं सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मिथिलांचल के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने के भीतर दरभंगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू किया जाएगा. इससे क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है. वहीं वर्ष 2020 की जगह 2030 तक बिहार के एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
मैथिली भाषा के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब कक्षा एक से छठी तक मैथिली भाषा की पढ़ाई कराई जाएगी, ताकि नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा और संस्कृति से जुड़ी रहे. वहीं महाकवि विद्यापति के सम्मान में मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा को राजकीय समारोह के साथ स्थापित करने की घोषणा की. इसके साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बदलकर विद्यापति एयरपोर्ट करने का प्रस्ताव भी रखा गया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार अगले एक महीने के भीतर यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज देगी.
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि मार्च 2027 तक दरभंगा के नए एयरपोर्ट को आम लोगों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा. कुल मिलाकर 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के मंच से मुख्यमंत्री ने विकास, रोजगार, बिजली, एयरपोर्ट और मैथिली भाषा को लेकर कई अहम घोषणाएं कर मिथिलांचल के विकास का रोडमैप पेश किया.
यह भी पढ़ें- बिहार में सॉल्वर गैंग को लेकर बड़ा खुलासा, NEET UG और री-NEET के बाद दारोगा भर्ती परीक्षा तक पहुंची जांच
