Voice of Eastern India

इमामगंज में नशे का कारोबार चरम पर! नाबालिग बच्चे बॉन्फिक्स, गांजा और स्मैक की गिरफ्त में; वायरल वीडियो ने खोली पोल




एक्सक्लूसिव


कम उम्र के बच्चे बॉन्फिक्स, गांजा, स्मैक समेत कई प्रकार के नशे का सेवन कर रहे हैं.

न्यूज़11 भारत 
शेरघाटी/डेस्क:
गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में नशे का कारोबार तेजी से फैलने की शिकायतें सामने आ रही है. कम उम्र के बच्चे बॉन्फिक्स, गांजा, स्मैक समेत कई प्रकार के नशे का सेवन कर रहे हैं. नाबालिग बच्चों का नशा करते हुए एक वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और समाजसेवियों में चिंता बढ़ गई है.

वायरल वीडियो में छोटे-छोटे बच्चों को बॉन्फिक्स का सेवन करते देखा जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में नशे के कारोबार और नाबालिग बच्चों तक नशे की सामग्री पहुंचने को लेकर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि आखिर इतनी कम उम्र के बच्चों को नशे की सामग्री कौन उपलब्ध करा रहा है और इस कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदार एजेंसियां क्या कार्रवाई कर रही हैं?

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमामगंज क्षेत्र में नशे की समस्या धीरे-धीरे गंभीर रूप लेती जा रही है. नशे की गिरफ्त में आने वाले बच्चों की उम्र काफी कम बताई जा रही है. बॉन्फिक्स जैसे पदार्थों का सेवन बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है. इसके साथ ही गांजा और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों का सेवन भी युवाओं के जीवन को बर्बाद कर सकता है. कम उम्र में नशे की आदत पड़ने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और वे गलत संगत में पड़कर अपने भविष्य से दूर होते चले जाते हैं.

वायरल वीडियो ने इस समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है. वीडियो सामने आने के बाद समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में बच्चे इसकी गिरफ्त में आ सकते हैं.

नशा करने वाले बच्चों को अपराधी की तरह देखने के बजाय उन्हें इस लत से बाहर निकालने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए. वहीं, नशे का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि बच्चों तक नशीले पदार्थों की पहुंच रोकी जा सके.

स्थानीय पुलिस प्रशासन से इमामगंज क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाने, नशे की बिक्री करने वाले ठिकानों की पहचान करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और स्कूलों एवं गांवों में जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है. साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों का भविष्य बचाना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है. वायरल वीडियो ने नशे के कारोबार की गंभीरता को सामने ला दिया है. अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है.

इसे भी पढ़ें: आज होगा बिहार के विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले का भव्य शुभारंभ, CM सम्राट करेंगे उद्घाटन 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.