आखिरी समय में फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा.
न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: पटना एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पटना से पुणे जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट अचानक कैंसिल कर दी गई. आखिरी समय में फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा. यात्रियों ने एयरलाइंस के कर्मचारियों पर सहयोग नहीं करने और उचित जानकारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.
दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E126 को रात 2 बजकर 45 मिनट पर पटना से पुणे के लिए उड़ान भरनी थी. लेकिन इससे पहले पुणे से पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E653 खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण पटना पहुंचने के बजाय लखनऊ डायवर्ट कर दी गई.
जानकारी के मुताबिक, यह विमान रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर पटना पहुंचने वाला था. इसी विमान को वापस पुणे के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण पूरी उड़ान व्यवस्था प्रभावित हो गई. वहीं, आखिरी समय में फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना मिलते ही पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा. यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो के कर्मचारियों की ओर से लगातार आश्वासन दिया जा रहा था, लेकिन अंत में फ्लाइट रद्द कर दी गई.
यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि एयरलाइंस का कोई सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्या का समाधान करने नहीं आया और न ही कर्मचारियों की ओर से उचित सहयोग मिला.
यात्रियों के मुताबिक, कई लोगों को जरूरी काम से पुणे जाना था. ऐसे में अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से उनकी परेशानी बढ़ गई. काफी देर तक इंतजार और अनिश्चितता के बाद यात्रियों का सब्र जवाब दे गया और एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू हो गया.
फिलहाल, खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विमान डायवर्ट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें: भागलपुर: मुर्गों से लदी पिकअप वैन पलटी, सैकड़ों मुर्गों की मौत, लाखों का नुकसान
