लखीसराय में देव दीपावली का भव्य आयोजन
लखीसराय के ऐतिहासिक अष्टघटी तालाब पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव दीपावली मनाई गई। हजारों दीयों, आतिशबाजी और श्रद्धालुओं की भागीदारी से परिसर रोशन रहा।
न्यूज़11 भारत
लखीसराय/डेस्क: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार शाम को लखीसराय शहर स्थित ऐतिहासिक अष्टघटी तालाब पर देव दीपावली का पर्व बेहद धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया. वाराणसी (काशी) की तर्ज पर आयोजित इस भव्य महोत्सव में तालाब के चारों ओर हजारों की संख्या में मिट्टी के दीये जलाए गए, जिससे पूरा इलाका दूधिया और सुनहरी रोशनी से जगमग हो उठा.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया. इसके बाद दीप प्रज्वलन का सिलसिला शुरू हुआ. दीप जलाने को लेकर स्थानीय महिलाओं और पुरुषों में भारी उत्साह देखा गया. शाम ढलते ही जब एक साथ हजारों दीये जले, तो अष्टघटी तालाब का नजारा बेहद मनमोहक और अद्भुत दिखाई देने लगा. इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई, जिससे पूरा परिसर पटाखों की गूंज और सतरंगी रोशनी से सराबोर रहा.
देव दीपावली का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी. इसी खुशी में सभी देवी-देवता धरती पर अवतरित होकर दीपावली मनाते हैं, जिसे ‘देव दीपावली’ कहा जाता है.
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय गणमान्य लोगों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस मौके पर सुनील पत्रकार, अजय डोगरा, विपिन फौजी, धारो कुमार, अवधेश कुमार, चंदन कुमार, सूरज कुमार सहित बड़ी संख्या में शहरवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे.
