मुआवजे को लेकर मजदूरों की हड़ताल
आंध्र प्रदेश की थारुनी एसोसिएट्स कंपनी में बिहार के मजदूर सुरेश भारती का हाथ मशीन में फंसकर कट गया। मुआवजे की मांग को लेकर साथी मजदूरों ने हड़ताल शुरू की।
न्यूज़11 भारत
गया/डेस्क: आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले के कादिरी मंडल स्थित मुत्याला चेरुवु गांव में मजदूरों ने मुआवजे की मांग को लेकर कंपनी परिसर में हड़ताल शुरू कर दी है. मामला बिहार के गया जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत बाराकला गांव निवासी मजदूर सुरेश भारती से जुड़ा है, जिनका 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे कंपनी में काम करने के दौरान मशीन में हाथ फंसने से कट गया था.
जानकारी के अनुसार, सुरेश भारती पिछले करीब चार महीने से थारुनी एसोसिएट्स (Tharuni Associates) नामक कचरा रीसाइक्लिंग कंपनी में काम कर रहे थे. काम के दौरान हुए हादसे में उनका हाथ कट गया. मजदूरों का आरोप है कि इतनी गंभीर दुर्घटना के बावजूद उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है.
इसी मांग को लेकर कंपनी में काम करने वाले अन्य मजदूर भी एकजुट हो गए और साइट पर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन करते हुए हड़ताल शुरू कर दी. मजदूरों की मांग है कि घायल सुरेश भारती को उचित मुआवजा दिया जाए और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर रूप से घायल मजदूर सुरेश भारती को उनका उचित मुआवजा कब मिलेगा और कंपनी प्रबंधन मजदूरों की मांग पर क्या कदम उठाएगा?
कंपनी का विवरण:
– कंपनी: थारुनी एसोसिएट्स (Tharuni Associates)
– स्थान: मुत्याला चेरुवु, कादिरी मंडल, श्री सत्य साईं जिला, आंध्र प्रदेश.
– साइट इंचार्ज: विजय बाबू
– सुपरवाइजर: श्रीनिवास
– घायल मजदूर: सुरेश भारती
– स्थायी पता: ग्राम बाराकला, थाना कोठी, प्रखंड इमामगंज, जिला गया, बिहार.
