Voice of Eastern India

आय से अधिक संपत्ति मामले में सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के आवास और कार्यालय पर विजिलेंस की छापेमारी




एसडीएम दंपती पर 84% अधिक संपत्ति का आरोप


गोपालगंज सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति पर आय से 84% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। SUV ने सात ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेज जब्त किए।

नमो नारायण मिश्रा/न्यूज़11 भारत 
गोपालगंज/डेस्क:
गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विशेष निगरानी इकाई यानी SUV ने बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार की सुबह से ही SUV की अलग-अलग टीमें सदर एसडीएम के सरकारी आवास और कार्यालय समेत सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं. इस पूरे मामले में SUV के डीएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि डॉ. प्रेरणा सिंह के पति रितेश कुमार पथ निर्माण विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. 

दोनों पति-पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है. जांच में अपने सेवाकाल के दौरान आय के ज्ञात स्रोतों से 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप सामने आया है. इसी मामले में पटना के विशेष न्यायाधीश निगरानी की अदालत से सर्च वारंट जारी कराया गया था. कोर्ट से मिले सर्च वारंट के आधार पर सात अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

SUV के डीएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, विशेष निगरानी इकाई में दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है. सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के सरकारी आवास और सरकारी कार्यालय में भी तलाशी ली गई है. छापेमारी के दौरान मामले से संबंधित कुछ दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच टीम ने जब्त कर लिया है. हालांकि, डीएसपी ने बताया कि फिलहाल छापेमारी के दौरान कोई बड़ी बरामदगी नहीं हुई है. जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. एक साथ सात ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में और क्या-क्या तथ्य सामने आते हैं.





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.