Voice of Eastern India

इमामगंज में दुष्कर्म कांड के गवाह की पत्नी का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, आरोपित की ग्रामीणों ने की पिटाई




लापता महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद


चार दिनों से लापता थी 60 वर्षीय महिला, सिर कुचला और शरीर पर मिले जख्म के निशान; पति ने पूर्व के विवाद में हत्या किए जाने का लगाया आरोप

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत 
शेरघाटी/डेस्क:
शेरघाटी अनुमंडल के  इमामगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. महिला पिछले चार दिनों से लापता थी. उसका शव बड़की परसिया बदहार गांव के पास मिला. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि शरीर की कई जगहों की चमड़ी उधड़ी हुई थी. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित लोगों ने गांव के ही चमारी महतो (55) को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे ग्रामीणों के कब्जे से निकालकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया.

मृतका की पहचान मनवा देवी (60) के रूप में हुई है. वह 23 नवंबर की शाम करीब चार बजे घर से निकली थी. शाम पांच बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. अगले दिन 24 नवंबर को भी महिला का सुराग नहीं मिलने पर सैकड़ों ग्रामीण इमामगंज थाना पहुंच गए. लोगों ने पुलिस से महिला की जल्द बरामदगी की मांग की. इसी दौरान मृतका के पति धर्मेंद्र प्रजापति ने थाने में आवेदन देकर पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.

दुष्कर्म मामले में गवाही देने को लेकर चल रहा था विवाद

मृतका के पति धर्मेंद्र प्रजापति ने चमारी महतो और उसके बेटों राम दुलार प्रसाद, सुदर्शन प्रसाद तथा वीरेंद्र प्रसाद सहित पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. आवेदन में बताया गया था कि पूर्व के एक दुष्कर्म मामले में गवाही देने के कारण चमारी महतो की ओर से उन्हें धमकी दी जा रही थी. पति ने आशंका जताई थी कि इसी पुरानी रंजिश में उनकी पत्नी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है.

गुरुवार को महिला का शव मिलने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. लोगों ने चमारी महतो को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. पुलिस ने स्थिति संभालने और आरोपित को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उसे छोड़ने को तैयार नहीं थे. मृतका के पति ने भी चमारी महतो पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है.

दो हत्या और दुष्कर्म मामले में जेल जा चुका है आरोपित

ग्रामीणों का दावा है कि चमारी महतो पूर्व में हत्या के दो मामलों और दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है. वह पिछले वर्ष जेल से बाहर आया था. ग्रामीणों के अनुसार, दुष्कर्म के मामले में अभी गवाही की प्रक्रिया चल रही है. इसी मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद था.

हालांकि, महिला की हत्या किस परिस्थिति में और किसने की, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. शव मिलने के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.