Voice of Eastern India

कैमूर में ठेकेदार पर जानलेवा हमला, 35 हजार रुपये छीनकर फरार हुए बदमाश



बिहार के कैमूर जिले में छिनतई की नीयत से एक मकान निर्माण ठेकेदार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बिहार के कैमूर जिले में छिनतई की नीयत से एक मकान निर्माण ठेकेदार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दतियांव गांव में मंदिर के पास बैठे दो युवकों ने ठेकेदार पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया, इस दौरान ठेकेदार को शरीर पर चार जगह चाकू लगे, जिसके बाद आरोपित कथित तौर पर उनके पास मौजूद 35 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। 

घटना के बाद घायल ठेकेदार को परिजनों ने आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उसका इलाज किया। घटना के संबंध में पीड़ित ने भभुआ थाने में दो लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस मामले की जांच और कार्रवाई में जुट गई है।

घायल की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव निवासी सिपाही पासवान के पुत्र दिवाकर पासवान के रूप में हुई है। पीड़ित ने बताया कि वह मकान निर्माण का ठेका लेकर काम कराते हैं। उन्हें अपने यहां काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी का पैसा देना था। इसी सिलसिले में वह बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे अपने गांव से 35 हजार रुपये लेकर निकला था।

बताया जाता है कि जैसे ही वह दतियांव गांव पहुंचा तभी वहां मंदिर के पास बैठे राहुल और सोनू पासवान ने अचानक उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडे और चाकू से उन पर वार किया। इस हमले में उसे शरीर पर चार जगह चाकू लगे है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीढ़ित दिवाकर पासवान ने आरोप लगाया कि हमला करने के बाद दोनों व्यक्ति उनके पास रखे 35 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में सड़क पर पड़े ठेकेदार की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक द्वारा भर्ती कर इलाज किया गया।

पीड़ित ने बताया कि मजदूरों को भुगतान करने के लिए वह रुपये लेकर जा रहे थे, तभी उनके साथ यह घटना हुई। घटना के बाद उन्होंने भभुआ थाने पहुंचकर दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद आवेदन दिया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

इस मामले में भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दतियांव गांव में एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली है। पीड़ित की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.