Voice of Eastern India

खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन हाइवे को केंद्र की मंजूरी, बिहार के इन जिलों को होगा बड़ा फायदा


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: 
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अहम खगड़िया-पूर्णिया नेशनल हाईवे को लेकर बड़ा फैसला लिया है। केद्रीय कैबिनेट के इस फैसले से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी गदगद नजर आए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को थैंक्यू कहा है। दरअसल केंद्रीय कैबिनेट ने खगड़िया-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग को चार-लेन में विकसित करने के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दी है। एनएच-31 और राष्ट्रीय एनएच-231 के अंतर्गत आने वाले इस खंड को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर यानी बीओटी (टोल) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। 143.52 किलोमीटर की लंबाई वाले इस हिस्से के चौड़ीकरण पर 3,936.05 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परियोजना की मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया है।

पूर्वोत्तर राज्यों में आवागमन सुगम 

रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस राजमार्ग के फोरलेन में तब्दील होने से खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों को सीधा फायदा होगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों में चालकों को सड़कों की जर्जर स्थिति, खतरनाक तीखे मोड़ों और शहरी इलाकों में जाम का सामना करना पड़ता है। सरकार का दावा है कि फोरलेन होने से इस रूट पर वाहनों की औसत गति में सुधार होगा, जिससे यात्रियों का सफर समय लगभग दो घंटे कम हो जाएगा। यह उन्नत गलियारा-5 पीएम गतिशक्ति आर्थिक केंद्रों और क्षेत्र के 11 लॉजिस्टिक केंद्रों के साथ जुड़ेगा। इन 11 केंद्रों में चार प्रमुख रेलवे स्टेशन, एक हवाई अड्डा, चार राष्ट्रीय राजमार्ग व दो एसएच शामिल हैं।
बिहार से पूर्वोतर राज्यों में आवागमन सुगम होगा

सम्राट चौधरी ने पीएम को कहा थैंक यू

खगड़िया-पूर्णिया खंड के फोरलेन बनने से सीमांचल एवं कोसी क्षेत्र की संपर्कता सुदृढ़ होगी। साथ ही बिहार से पूर्वोतर राज्यों में आना-जाना सुगम होगा। एनएच 31 छपरा से शुरू होकर हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होते हुए पूर्णिया तक जाता है। पटना-रांची एनएच भी इससे जुड़ा है। परियोजना के तहत पूर्णिया शहर को जाम से बचाने के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा नया बाईपास भी बनेगा। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि इससे शहर के भीतर यातायात का दवाब कम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनएच -31 व एनएच-231 के खगड़िया-पूर्णिया सेक्शन को 4-लेन में अपग्रेड करने को मंजूरी दी गई है।

इन चार जिलों को होगा फायदा

इससे पूरे बिहार, विशेषकर खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया के लोगों को बहुत लाभ होगा। यहां के चौतरफा विकास को भी नई गति मिलेगी। सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को कहा थैंक्यू। सीएम सम्राट चौधरी ने खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन को मंजूरी मिलने के बाद पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को लगातार बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। केंद्र सरकार राज्य में सड़क, रेल और अन्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं और कई योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.