न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अमन / नवादा: बिहार के नवादा जिले में सोमवार को नेशनल हाईवे-20 पर हुए एक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना नेमादरगंज थाना क्षेत्र के पचगामा गांव के पास हुई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेता बीघा गांव निवासी 40 वर्षीय पप्पू कुमार के रूप में हुई है।
सड़क किनारे खड़ी थी ट्रक
जानकारी के अनुसार, पप्पू कुमार पिछले कई वर्षों से ट्रक ड्राइविंग का काम कर रहे थे। वह पटना से गिरिडीह की ओर जा रहे थे। पचगामा गांव के निकट सड़क किनारे एक ट्रक खड़ी थी। साइड लेने के दौरान पप्पू कुमार की ट्रक अचानक उस खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के चचेरे भाई उपेंद्र यादव ने इस घटना को सड़क सुरक्षा की बड़ी लापरवाही बताया है। परिजनों का आरोप है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक को ठीक से हटाया नहीं गया था और न ही कोई चेतावनी का संकेत दिया गया था, जिससे आम वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ जाती है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
उपेंद्र यादव ने कहा कि NH-20 पर गाड़ियां तेज रफ्तार में चलती हैं, ऐसे में सड़क पर खड़े वाहन कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। नवादा जिले में NH-20 पर पिछले कुछ समय में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नेमादरगंज थाना पुलिस खड़ी ट्रक के चालक व मालिक की तलाश कर रही है। मृतक पप्पू कुमार अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे, और उनकी असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार आर्थिक संकट में घिर गया है।
