न्यूज 11 भारत / बिहार न्यूज: बिहार में शिक्षा विभाग ने यह आदेश जारी किया है कि राज्य में सरकारी विद्यालयों के शिक्षक गर्मी की छुट्टी में भी मुख्यालय में ही रहेंगे। अगर किसी शिक्षक को आकस्मिक या अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय छोड़ना जरूरी हुआ तो वे सक्षम अधिकारी से अनुमति लेने के बाद ही मुख्यालय छोड़ेंगे। बता दें कि सरकारी विद्यालयों में गर्मी की छुट्टी सोमवार से है, जो 20 जून तक चलेगी। शिक्षा विभाग की तरफ से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिया गया है।
कई पदों के लिए होनेवाली है परीक्षाएं
आदेश के मुताबिक गर्मी की छुट्टी में शिक्षक आवश्यकता के अनुसार मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे। गर्मी की छुट्टी के दौरान विभागीय कार्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल संचालन में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह आदेश दिया गया है। जानकारी मिली है कि गर्मी की छुट्टी के दौरान राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाएं भी होनी हैं। इन परीक्षाओं में शिक्षकों की वीक्षक सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में भूमिका रहती है। इसके अलावा शिक्षा विभाग स्तर से जारी कई आदेशों और निर्देशों का अनुपालन भी विद्यालय स्तर पर कराया जाना है।
मोबाइल भी रखना होगा ऑन
मुख्यालय में बने रहने के साथ-साथ अपना मोबाइल भी चालू रखना होगा। इसे देखते हुए सभी शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे ग्रीष्मावकाश अवधि में जरूरत के अनुसार अपने मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे। शिक्षा विभाग ने कहा है कि शिक्षक अवकाश अवधि में मुख्यालय में बने रहें और अपना मोबाइल फोन चालू रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विभागीय निर्देशों का पालन कराया जा सके और प्रतियोगी परीक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
