Voice of Eastern India

पटना से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें अपडेट



आज से 10 अक्टूबर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क 
विजय शेखर सिंह/पटना:
दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों के लिए यह बहुत ही जरूरी खबर है। इस कड़ी में आज से 10 अक्टूबर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का आदेश जारी किया गया है। इनमें बिहार से दिल्ली जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं।

इस संबंध में रेलवे ने आदेश जारी किया है। इस आदेश के अनुसार आज (शुक्रवार) दोपहर दो बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और शनिवार सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली निर्धारित मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचना चाहिए। 

इन यात्रियों की बढ़ी चिंता

दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों से सफर करने वाले बिहार के यात्रियों को इस बदलाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राजधानी, मगध और संपूर्णक्रांति जैसी प्रमुख ट्रेन को रद्द किया गया है। रेलवे के आदेश में समय-सीमा के अंदर दिल्ली के दोनों प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचने वाली निर्धारित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने की बात कही गई है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर रेलवे का फैसला

बता दें कि 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कुछ छात्र संगठनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का एलान किया है। पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए हैं और प्रदर्शन शांतिपूर्ण रखने की जानकारी दी है। इसी दौरान रेलवे ने दिल्ली के दोनों प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचने वाली निर्धारित ट्रेनों को रद्द करने का आदेश जारी किया है। 
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.