न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार में इन दिनों मानसून एक्टिव है। शुक्रवार की सुबह पटना के कई इलाकों समेत सीवान और बेतिया में भी तेज बारिश हुई। दोपहर बाद सासाराम और नालंदा में भी बारिश हुई है।
आज कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
1 अगस्त से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 1 अगस्त से कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, भोजपुर, बक्सर, गया, नवादा, बेगूसराय, मधेपुरा, समस्तीपुर, वैशाली और पश्चिम चंपारण समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बता दें कि बिहार में अब तक सामान्य से 42 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
अब तक मात्र 288 मिमी मीटर बारिश
राज्य में मानसून की रफ्तार कमजोर रहने का असर बारिश के आंकड़ों पर भी दिख रहा है। बिहार में अब तक सामान्य से 42 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि तक 494.8 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 288 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
