न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : सिवान में पदस्थापित उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड के आवास और अन्य ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने गुरुवार सुबह छापेमारी की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति मामले में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद गुरुवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई।
तीन घरों पर एक साथ चला रेड
जानकारी मिली है कि इनमें सिवान शहर स्थित उत्पाद विभाग के कार्यालय कक्ष के साथ ही शहर के चित्रगुप्त नगर रजिस्ट्री ऑफिस के पीछे स्थित किराये का आवास भी शामिल है। इसके अलावा पटना व मुंगेर स्थित आवासीय समेत व्यावसायिक परिसरों में भी तलाशी ली गई। ईओयू के अनुसार बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित के साक्ष्य मिले
प्राथमिक जांच में अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 201.97 प्रतिशत अधिक है।
