न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना : PMCH के जूनियर डॉक्टर कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस दौरान अस्पताल की ओपीडी की सेवाएं बंद रहेंगी, हालांकि इमरजेंसी सेवाएं जारी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह निर्णय लंबे समय से लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई न होने की वजह से लिया गया है। इन डाक्टरो ने सुरक्षा, संसाधनों की कमी और वेतन संशोधन जैसे मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। चिकित्सकों की सुरक्षा, प्रशासनिक और आधारभूत संरचना की कमियों को लेकर पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल किया है।
जूनियर डॉक्टरों की मांगें
जेडीए ने सरकार और अस्पताल प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं। जिसके तहत-
- अस्पताल परिसर में पर्याप्त प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
- डॉक्टरों के साथ हिंसा की प्रत्येक घटना में संस्थागत स्तर पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- अस्पताल में आवश्यक दवाएं, चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधाएं, आईसीयू बेड, मरीज परिवहन व्यवस्था सहित सभी आधारभूत संसाधन तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
- पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों के संशोधित स्टाइपेंड और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के संशोधित वेतन को जनवरी 2026 से प्रभावी मानते हुए तत्काल लागू किया जाए।
- ठोस कार्रवाई तक जारी रहेगी हड़ताल
जेडीए ने कहा कि सक्षम अधिकारियों द्वारा संतोषजनक और ठोस कार्रवाई किए जाने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
