न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा / पटना : बिहार में औद्योगिक विकास के क्षेत्र में विशेष पहले करते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पूरे राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने की घोषणा की है। इसके अलावा बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनर्परिचालन का भी सरकार ने फैसला लिया है।
इसके अलावा सरकार ने बिहार गन्ना उद्योग निवेश प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी प्रदान की है। नई चीनी मिलों के साथ डिस्टिलरी, को-जनरेशन पावर प्लांट और CBG यूनिट भी स्थापित होंगे। सरकार का फोकस किसानों की आय बढ़ाने और गन्ना उद्योग को मजबूत करने पर है।
गोपालगंज की सासामूसा चीनी मिल के पुनर्परिचालन की दिशा में विशेष पहल की गई है। मुजफ्फरपुर की बंद मोतीपुर चीनी मिल की जमीन पर नई चीनी मिल और गन्ना अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध कराने की भी योजना है।
जानकारी मिली है कि गन्ना विकास के लिए SBI, VSI पुणे और IIT पटना के साथ एमओयू किया गया है। सरकार का दावा है कि इससे निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और गन्ना किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
