न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मंगलवार को नियमित जांच अभियान के दौरान एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से आठ लाख रुपये की भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई है। बरामद नकदी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग, पानीटंकी को सौंप दिया गया है।
गहन तलाशी में जब्त रुपये
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को पानीटंकी स्थित बीआईटी न्यू ब्रिज पर एसएसबी के जवान नियमित जांच अभियान चला रही थी। तभी भारत से नेपाल जा रहे एक वाहन को रोककर यात्रियों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक युवक के बैग की स्कैनिंग के दौरान संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर गहन तलाशी ली गई। युवक के बैग से बड़ी चतुराई से छिपाकर रखे गए 500 रुपये के 1,600 नोट बरामद हुए, जो कुल आठ लाख रुपये है। बरामदगी के बाद एसएसबी की टीम युवक और नकदी को कंपनी मुख्यालय (सीएचक्यू) पानीटंकी ले गई। वहां नोटों की गिनती, पूछताछ और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पूरे मामले को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, पानीटंकी के हवाले सौंप दिया गया है।
जवाब से असंतोष होने पर गिरफ्तारी
गिरफ्तार इस युवक की पहचान नेपाल के सागरमाथा प्रांत के खोटांग जिले के रूपाकोट मझुवागढ़ी निवासी बिग्यान राय (27) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में वह बरामद भारतीय मुद्रा के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की गई।इस अभियान में एसएसबी के एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, एक सहायक उपनिरीक्षक, एक हेड कॉन्स्टेबल, एक कांस्टेबल तथा एक महिला कांस्टेबल समेत कुल छह जवान शामिल थे।
