Voice of Eastern India

मिड-डे मील मामले में हेडमास्टर निलंबित और तीन रसोइया बर्खास्त, 34 बच्चे हुए थे बीमार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: नालंदा के नूरसराय प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय परासी में मिड-डे मील खाने से 34 बच्चों के बीमार पड़ने के मामले में विभाग ने स्कूल के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है। जबकि तीन रसोइयों को सेवामुक्त कर दिया है। 

मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिली थी कि 15 बच्चे (11 बच्चियां और 4 छात्र) भोजन खाने के बाद बीमार हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, बाद में गांव से अन्य बीमार बच्चे भी अस्पताल पहुंचे। कुल मिलाकर इस घटना में 34 बच्चों (17 छात्राएं और 17 छात्र) को अस्पताल में एडमिट कराया गया था।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया इस मामले में स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही सामने आई है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ही मध्याह्न भोजन योजना के संचालक होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, बच्चों को सही और सुरक्षित तरीके से खाना खिलाने की मुख्य जिम्मेदारी रसोइयों की होती है। इस कर्तव्य में भारी लापरवाही बरतने के कारण स्कूल में पदस्थापित तीनों रसोइयों को भी सेवा से मुक्त कर दिया गया है।

एनजीओ और शिक्षा अधिकारियों को शोकॉज नोटिस भेजा गया है। इसके साथ ही, लापरवाही के आरोप में प्रखंड साधन सेवी और एमडीएम के डीपीएम को भी शोकॉज नोटिस थमाया गया है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.