न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित कुमार / मुंगेर : मुंगेर के हवेली खड़गपुर में आज देशभक्ति का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र तारापुर के खड़गपुर में पहुंचकर विशाल तिरंगा यात्रा की अगुआई की, साथ में मुंगेर के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, स्थानीय विधायक मौजद थे। हजारों की संख्या में लोग और स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाकर लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए।
दरअसल मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर की सड़कों पर आज तिरंगों का सैलाब नजर आया। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले आयोजित इस विशाल तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद शामिल हुए और यात्रा की अगुआई की। मुख्यमंत्री अंबेडकर चौक पर स्थापित आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद हाथों में तिरंगा लिये तिरंगा यात्रा की अगुआई करते हुए मुख्य बाजार होते हुए पटेल चौक पर जाकर माल्यार्पण के बाद तिरंगा यात्रा समाप्त हुआ।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करीब दो किलो मीटर तक पैदल चले। मुख्यमंत्री के साथ हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोग और स्कूली बच्चे देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। पूरे यात्रा मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंजता रहा। पूरे यात्रा मार्ग के राष्ट्रीय ध्वज से सजाया गया था। स्थानीय लोगों ने इसे खड़गपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
लोगों का कहना था कि इतने छोटे शहर में इतनी विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा पहली बार देखने को मिली। अपने विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें अपने बीच देखना और तिरंगा यात्रा की अगुआई करते देखना लोगों के लिए गर्व और खुशी का पल रहा। तिरंगा यात्रा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी और हजारों लोगों की भागीदारी ने खड़गपुर की इस तिरंगा यात्रा को खास बना दिया।
