बिहार एमएलसी चुनाव के बीच अनंत सिंह और नीरज कुमार में जारी विवाद के बीच नीतीश कुमार ने ललन सिंह से सोमवार मुलाकात की।
न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
विजय शेखर सिंह/पटना: बिहार एमएलसी चुनाव के बीच अनंत सिंह और नीरज कुमार में जारी विवाद के बीच नीतीश कुमार ने ललन सिंह से सोमवार मुलाकात की। नीतीश कुमार अचानक ललन सिंह के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई है।
ललन सिंह को दोनों (अनंत और नीरज) नेताओं के बीच सुलह कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। अब नीरज कुमार के नामांकन से ठीक पहले ललन सिंह से मिलने के लिए नीतीश कुमार पहुंचे।
सबसे बड़ा सवाल है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जारी विवाद पर क्या कोई रास्ता निकलेगा? दोनों नेताओं के आपसी विवाद से विपक्ष जेडीयू पर हमलावर है।
करीब 20 मिनट हुई बातचीत के बाद विवाद सुलझाने की कोशिश तेज होने के संकेत मिले हैं। इससे पहले ललन सिंह का एक बयान वायरल हुआ था जिसमें अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद को लेकर उन्होंने यह कहा था कि हम कहीं किसी के बीच में नहीं पड़ते हैं। अगर दोनों मिलना चाहें तो हम समझौता करा सकते हैं।
बता दें कि जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ही यह बयान दिया था कि इस विवाद को ललन सिंह सुलझाएंगे क्योंकि उनके क्षेत्र का मामला है। जब ललन सिंह ने समझौता कराने से इनकार कर दिया तो सोमवार नीतीश कुमार खुद ललन सिंह से मिलने पहुंचे।
