न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : राज्य के सभी सदर अस्पतालों में अब रात के वक्त भी इमरजेंसी सेवाएं मिलेंगी। रात में मरीजों को अब इलाज के साथ-साथ पैथोलॉजी जांच की भी सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सदर अस्पतालों में रात्रिकालीन आवश्यक पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। इससे देर रात होने वाले आपातकालीन मामलों में जिला स्तर पर ही मरीजों को इलाज और जरूरी जांच की सुविधा एक ही छत के नीचे मिल जाएगी।
38 जिलों में वर्तमान में 36 सदर अस्पताल
बता दें कि राज्य के 38 जिलों में वर्तमान में 36 सदर अस्पताल संचालित हैं। पश्चिमी चंपारण (बेतिया) और दरभंगा में मेडिकल कॉलेज अस्पताल होने की वजह से अलग से जिला अस्पताल नहीं है। बाकी बचे सभी जिलों के सिविल सर्जनों को स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि रात्रिकालीन इमरजेंसी सेवाओं के साथ-साथ जरूरी पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करें।
बड़े अस्पतालों में रेफर करने में आएगी कमी
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों से कहा है कि अगर रात्रिकालीन इमरजेंसी सेवाओं के संचालन के लिए अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों या अन्य मानव संसाधन की जरूरत है तो उसकी विस्तृत जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं। जिलों से प्राप्त प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई के लिए विभाग के 7 अलग-अलग अनुभागों के प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं। ताकि, सदर अस्पतालों में दिन के साथ-साथ रात में भी समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
