न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राजू राज / दानापुर : पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय, पटना के निर्देश पर दानापुर थाना पुलिस ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बालू लदे 10 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं, जिनमें लगभग 1200 CFT बालू बरामद हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर थाना क्षेत्र के समझा मोड़–खगौल रोड के पास अवैध रूप से बालू का खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सभी ट्रैक्टरों को जब्त करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
खनन निरीक्षक द्वारा जब्त बालू की सूची तैयार कर थाना में सौंप दी गई है। इस मामले में दानापुर थाना में खनन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
