Voice of Eastern India

उधार के 5 लाख ने ली जान! खाने में जहर देकर दोस्त की हत्या का सनसनीखेज आरोप, इलाके में मचा हड़कंप


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

शंभू भगत / भागलपुर –   भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र के खुलनी गांव में दोस्ती और पैसों के लेन-देन से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां किन्नर सुनील मंडल, जो किन्नर समुदाय में शामिल होने के बाद गनिया देवी के नाम से जाना जाता था, की जहर देकर हत्या करने का आरोप उसके ही दोस्त प्रदीप यादव पर लगा है। बताया जा रहा है कि सुनील ने अपने दोस्त प्रदीप यादव को घर बनाने के लिए करीब पांच लाख रुपये उधार दिए थे। लंबे समय तक पैसे वापस न मिलने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला तनावपूर्ण हो गया।

हाइलाइट्स – 

  • शाहकुंड थाना क्षेत्र के खुलनी गांव में सनसनीखेज वारदात
  • 5 लाख रुपये कर्ज लौटाने को लेकर हत्या का आरोप
  • दोस्त प्रदीप यादव पर जहर देकर मारने का आरोप
  • गले से सोने की चेन छीनने की भी बात सामने आई
  • मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, पुलिस जांच में जुटी

खाने में जहर मिलाकर हत्या का आरोप

परिजनों के अनुसार, जब सुनील ने अपने दिए हुए पांच लाख रुपये वापस मांगे, तो आरोपी प्रदीप यादव ने कथित तौर पर साजिश रचते हुए खाने में जहर मिलाकर उसे खिला दिया। आरोप यह भी है कि घटना के दौरान सुनील के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। जहर देने के बाद आरोपी सुनील को उसके घर छोड़कर फरार हो गया। घर पहुंचने पर सुनील ने परिजनों को बताया कि उसे प्रदीप यादव ने जहर दिया है, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और स्थिति गंभीर हो गई।

अस्पताल में मौत, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों ने आनन-फानन में सुनील को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपों के आधार पर छानबीन की जा रही है और फरार आरोपी प्रदीप यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले ने इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।
 

इसे भी पढ़ें – बिहार को रेल इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी सौगात, किऊल-झाझा के बीच तीसरी रेल लाइन को मिली मंजूरी



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.