न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
धीरज कुमार / बक्सर : इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को फिर से खोलने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। आंदोलनकारियों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर घंटों नारेबाजी की। वहीं दूसरी ओर रेलवे और जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर तैनात रहा।
आंदोलन की पूर्व सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने समझा-बुझाकर शांतिपूर्ण तरीके से रेलवे ट्रैक को खाली कराया। जिला प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर लगातार काम कर रहा है।
यह आम जनता के अधिकारों की लड़ाई
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने कहा कि पिछले एक महीने से रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सरोज राजभर के अनुसार यदि मांग पूरी नहीं हुई तो हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है।
पिछले एक महीने से क्रॉसिंग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
