Voice of Eastern India

खाना खाने घर जा रहे व्यक्ति को मारी गोली, हालत गंभीर


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्रा/गोपालगंज:
गोपालगंज में बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के समीप की है… जहां खाना खाने के लिए घर जा रहे एक शख्स को बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाया। 

गोली घायल के गर्दन में लगी है, जिसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

तस्वीरें गोपालगंज के बंजारी मोड़ की हैं। जहां अचानक हुई गोलीबारी की घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभूख गांव निवासी शैलेश यादव अपने घर खाना खाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और शैलेश यादव को गोली मार दी।

गोली शैलेश यादव के गर्दन में लगी, वारदात के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शैलेश यादव जेसीबी चलाने का काम करते हैं। वहीं, घटना को लेकर एक और अहम बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि शैलेश यादव को पहले भी फोन पर धमकी मिल चुकी थी। घटना से पहले उनके पास एक फोन कॉल भी आया था। ऐसे में गोलीबारी की यह वारदात महज संयोग है या इसके पीछे कोई पुराना विवाद और धमकी का कनेक्शन है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी, पुलिस अपराधियों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल शुरुआती तौर पर पूरा मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाइक सवार दोनों हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.