बिहार के लखीसराय जिले के बालगुदर पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।
न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
सरफराज आलम/लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले के बालगुदर पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बड़हिया से पवित्र गंगा स्नान कर लौट रही 10 महिलाओं से भरे एक ऑटो की सड़क किनारे खड़े अनियंत्रित ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ऑटो सवार सभी महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
गंगा स्नान कर लौट रहे थे सभी श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी 10 महिलाएं बड़हिया में गंगा स्नान के बाद ऑटो में सवार होकर वापस लखीसराय की ओर लौट रही थीं। जैसे ही ऑटो बालगुदर पेट्रोल पंप के समीप पहुँचा, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही लखीसराय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और सभी घायलों को त्वरित राहत कार्य चलाते हुए लखीसराय सदर अस्पताल पहुँचाया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए लखीसराय के एसडीएम प्रभाकर कुमार और एसडीपीओ शिवम कुमार तुरंत सदर अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और अस्पताल के डॉक्टरों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने का कड़ा निर्देश दिया।
सदर अस्पताल में मची चीख-पुकार, पटना किया गया रेफर
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार दो महिलाओं की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने चार महिलाओं की स्थिति को बेहद नाजुक बताया है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए पटना रेफर (हायर सेंटर) कर दिया गया है।
सदर अस्पताल परिसर में घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपनों को जिंदगी और मौत से जूझता देख अस्पताल परिसर गमगीन माहौल और करुण पुकार से गूंज उठा है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
कुल मिलाकर ऐसा देखा गया कि सभी घायलों की स्थिति गंभीर और स्थिति नाजुक है। सभी घायलों के सिर में गहरी चोट है।
