Voice of Eastern India

गया के आमस में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाला शिक्षक रंगे हाथों गिरफ्तार, ग्रामीणों ने सिखाया सबक


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (राहुल, शेरघाटी)गया जिले के आमस थाना क्षेत्र से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को तार-तार करने वाली एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक प्रोजेक्ट इंटर स्कूल के शिक्षक पर अपनी ही नाबालिग छात्रा के साथ आधी रात को उसके घर में घुसकर अमर्यादित व्यवहार और छेड़खानी करने का संगीन आरोप लगा है। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

सूने घर का फायदा उठाकर आधी रात को दाखिल हुआ आरोपी

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा ने इसी साल मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा पास की है। आरोपी शिक्षक की नजर काफी समय से उस पर थी और वह लगातार उसके संपर्क में रहने की कोशिश करता था। बीते गुरुवार को छात्रा के माता-पिता किसी पारिवारिक काम के सिलसिले में पड़ोसी जिले औरंगाबाद के कसमा थाना क्षेत्र गए हुए थे। घर पर सिर्फ पीड़िता और उसकी छोटी बहन ही मौजूद थीं। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी शिक्षक देर रात करीब 12 बजे जबरन उनके घर में घुस गया।

छोटी बहन की सूझबूझ से नाकाम हुई करतूत, मचाया शोर

घर में दाखिल होने के बाद आरोपी शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ जबरदस्ती और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसी दौरान बगल में सो रही उसकी छोटी बहन की अचानक आंख खुल गई। घर के अंदर शिक्षक की इस घिनौनी हरकत को देखकर वह बिल्कुल नहीं डरी और उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा, जमकर लगाई क्लास

मासूम बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के पड़ोसी और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को भागने का मौका नहीं दिया और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने कानून हाथ में न लेते हुए पहले उसकी जमकर क्लास लगाई और तुरंत घटना की जानकारी पीड़िता के माता-पिता सहित स्थानीय आमस थाना पुलिस को दी।

सलाखों के पीछे पहुंचा कलयुगी शिक्षक, पुलिस जांच में जुटी

शुक्रवार को औरंगाबाद से वापस लौटने के बाद माता-पिता अपनी बेटी को लेकर आमस थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपी शिक्षक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी गई है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.